वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के अंग्रेजी विभाग में सोमवार को प्रख्यात उपन्यासकार एवं शिक्षाविद् प्रो. विकास शर्मा का विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। अपने नवीनतम उपन्यास ‘ऑल हर फायर्स’ के लिए चर्चित प्रो. शर्मा ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि आने वाला समय जेन-जी (Gen Z) का है। इस पीढ़ी के पास ऊर्जा, नवीन सोच और बदलाव की आकांक्षा है, किंतु इन क्षमताओं को सार्थक दिशा देने के लिए वरिष्ठ पीढ़ी के अनुभव और मार्गदर्शन का साथ आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि युवा वर्ग समाज और व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने ला रहा है, लेकिन किसी भी लोकतांत्रिक विरोध या अभिव्यक्ति के दौरान भाषा की मर्यादा, संयम और विनम्रता बनाए रखना उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक विमर्श में गरिमापूर्ण संवाद लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करता है।
प्रो. शर्मा ने अभिभावकों की भूमिका पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि बच्चों को स्नेह के साथ-साथ समय-समय पर अनुशासन और उचित मार्गदर्शन भी मिलना चाहिए, जिससे उनका व्यक्तित्व संतुलित रूप से विकसित हो सके।

कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष डॉ. नीरज धनकड़, प्रो. निशा सिंह, डॉ. रीना चटर्जी, डॉ. आरती विश्वकर्मा, डॉ. किरण सिंह तथा डॉ. आराधना सिंह भृगुवंशी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन विभाग की ओर से किया गया, जबकि शोधार्थी सत्या दीक्षित ने धन्यवाद ज्ञापित किया।








