वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के मानविकी संकाय के विभिन्न विभागों के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को दहेज निषेध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इतिहास विभाग के स्मार्ट रूम में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने दहेज प्रथा के खिलाफ जनजागरण का संकल्प लेते हुए दहेज न लेने और न देने की शपथ ग्रहण की।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि दहेज प्रथा समाज के लिए गंभीर अभिशाप है। इसके कारण अनेक महिलाओं को मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना झेलनी पड़ती है, जबकि कई मामलों में उनकी जान तक चली जाती है। उन्होंने कहा कि दहेज निषेध के लिए कानून होने के बावजूद सामाजिक चेतना के अभाव में यह कुप्रथा अभी भी बनी हुई है। इसके उन्मूलन के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आना होगा।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने दहेजमुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में मानविकी संकायाध्यक्ष प्रो. राजेश कुमार मिश्र, हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. राजमुनि, इतिहास विभागाध्यक्ष प्रो. आनंद चौधरी, संस्कृत विभागाध्यक्ष प्रो. सीमा यादव, दर्शनशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. नंदिनी, अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. नीरज धनकड़ सहित प्रो. रामाश्रय सिंह, प्रो. अनुकूलचंद राय, डॉ. दीपक कुमार, डॉ. विजय कुमार रंजन, डॉ. निशा सिंह, डॉ. रविंद्र कुमार गौतम, डॉ. दिनेश चंद्र शुक्ला, डॉ. सुरेंद्र प्रताप सिंह एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।








