वाराणसी। सावन के प्रथम सोमवार पर बाबा श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए उमड़े लाखों शिवभक्तों की सेवा में स्वर्णकार भारती सेवा संस्थान वाराणसी महानगर, जिला इकाई एवं महिला प्रकोष्ठ ने चौक स्थित गोविंदपुरा मोड़ पर निःशुल्क फलाहार वितरण शिविर लगाकर सेवा और समर्पण की अनूठी मिसाल पेश की।
प्रातः 6 बजे से 10 बजे तक आयोजित शिविर में बाबा विश्वनाथ के दर्शनार्थ आए कांवरियों, शिवभक्तों एवं श्रद्धालुओं को फलाहार वितरित किया गया। सेवा कार्य के दौरान श्रद्धालुओं ने संस्था की इस पहल की सराहना करते हुए इसे सावन की सच्ची सेवा बताया।
संस्थान के चेयरमैन रवि सर्राफ, महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष बेबी सेठ एवं महानगर अध्यक्ष सुनीति सिंह ने संयुक्त रूप से बताया कि संस्था वर्षों से सावन के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की सेवा का यह अभियान निरंतर चला रही है। उनका कहना था कि काशी की सेवा परंपरा को आगे बढ़ाते हुए भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष किशोर सेठ, सचिव संजय सिंह, रंजीता सेठ, सीमा सिंह, मीनू सिंह, प्रेम सेठ, आरती सेठ, मीनाक्षी वर्मा सहित संस्था के पदाधिकारी एवं सदस्य पूरे समय सेवा कार्य में सक्रिय रहे।








