वाराणसी। चेतगंज स्थित मेक एण्ड साइन एकेडमी का वार्षिकोत्सव रविवार को उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रशिक्षण पूर्ण करने वाली 30 छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, जबकि 25 छात्राओं को फेयरवेल देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
समारोह के मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार डॉ. कैलाश सिंह विकास तथा विशिष्ट अतिथि आईएजे के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मोहम्मद दाऊद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना से हुआ। एकेडमी की मैनेजर नाज़िश खान ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्थान की वार्षिक गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी प्रस्तुत की।
संस्थान के डायरेक्टर अरशद खान ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि का माल्यार्पण, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। इसके उपरांत अतिथियों ने प्रशिक्षण पूर्ण करने वाली 30 छात्राओं को प्रमाण पत्र वितरित किए तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। फेयरवेल समारोह के दौरान 25 छात्राओं को स्मृति चिन्ह एवं बैज देकर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि डॉ. कैलाश सिंह विकास ने कहा कि कौशल आधारित प्रशिक्षण महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे अपने अर्जित ज्ञान एवं हुनर का उपयोग स्वयं के साथ-साथ समाज के हित में भी करें। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से व्यक्तित्व विकास के साथ रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होते हैं।
समारोह में नाज़िश खान, अरशद खान, विक्टर गुड्डू, नुशरत मुस्ताक, दीक्षा मौर्या, मीरा यादव, वंदना अग्रहरि, पूजा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन शिवानी गुप्ता ने किया।










