वाराणसी। रोटरी क्लब वाराणसी ईस्ट के तत्वावधान में शनिवार को सिद्धगिरी बाग स्थित आरम्भ हॉस्पिटल में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य शिविर एवं जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण और देखभाल के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम में वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. श्वेता शरीन ने गर्भावस्था से लेकर प्रसव के बाद तक माताओं को संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने बताया कि गर्भवती महिलाओं को प्रोटीन, कैल्शियम तथा अन्य आवश्यक पोषक तत्वों का उचित मात्रा में सेवन करना चाहिए। साथ ही खान-पान, नियमित स्वास्थ्य जांच और जीवनशैली से जुड़ी सावधानियों की विस्तार से जानकारी दी, जिससे मां और शिशु दोनों स्वस्थ रह सकें।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. गरिमा सिंह ने नवजात एवं शिशुओं की देखभाल, स्तनपान, टीकाकरण, स्वच्छता तथा प्रारंभिक स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं पर माताओं को उपयोगी सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि जन्म के बाद शुरुआती देखभाल ही बच्चे के स्वस्थ भविष्य की मजबूत नींव रखती है।

कार्यक्रम का संचालन रोटेरियन संजय रस्तोगी ने किया। अंत में रोटरी क्लब वाराणसी ईस्ट के अध्यक्ष अभिषेक पाठक ने डॉ. श्वेता शरीन एवं डॉ. गरिमा सिंह को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर क्लब की सचिव संगीता खुराना, प्रभाकर जायसवाल, डॉ. पी.के. मुखर्जी, के.के. गुप्ता सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं रोटरी क्लब के सदस्य उपस्थित रहे।








