Follow us on

Home » राजनीति » राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण पर कांग्रेस का हमला, पीएम से जवाब और सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग

राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण पर कांग्रेस का हमला, पीएम से जवाब और सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग

Share this post:

वाराणसी। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. रागिनी नायक ने शनिवार को वाराणसी में आयोजित पत्रकार वार्ता में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के कथित चढ़ावा एवं चंदा प्रकरण को लेकर केंद्र सरकार और श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस मामले में पूरी पारदर्शिता बरती जानी चाहिए और यदि किसी स्तर पर अनियमितता हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।

डॉ. नायक ने कहा कि देशभर के लोगों ने भगवान श्रीराम के प्रति श्रद्धा और विश्वास के साथ मंदिर निर्माण के लिए अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान दिया था। ऐसे में चढ़ावे और चंदे के प्रबंधन को लेकर उठ रहे सवाल केवल वित्तीय अनियमितता का विषय नहीं, बल्कि करोड़ों रामभक्तों की भावनाओं और विश्वास से जुड़ा मामला है। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रस्ट से जुड़े प्रकरण में सामने आ रही जानकारियों ने अनेक गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं, जिनका जवाब देश जानना चाहता है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का गठन केंद्र सरकार ने किया था और मंदिर निर्माण की पूरी प्रक्रिया में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रमुख भूमिका रही। इसलिए सरकार इस मामले में अपनी जवाबदेही से पीछे नहीं हट सकती। उन्होंने कहा कि यदि ट्रस्ट के कामकाज में किसी प्रकार की गड़बड़ी नहीं हुई है तो स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने में किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए।

पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने ट्रस्ट के पदाधिकारियों की भूमिका, कथित चढ़ावे और दान के लेखा-जोखा, बड़े आयोजनों पर हुए खर्च तथा मंदिर निर्माण के लिए प्राप्त दान की पारदर्शिता पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रकरण की जांच सर्वोच्च न्यायालय की निगरानी में कराई जानी चाहिए ताकि सच्चाई देश के सामने आ सके।

कांग्रेस ने इस मामले में पांच प्रमुख मांगें रखते हुए प्रधानमंत्री से सार्वजनिक रूप से जवाब देने, कथित अनियमितताओं में संलिप्त लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने, सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र न्यायिक जांच कराने, श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कार्यों की व्यापक समीक्षा करने तथा मंदिर निर्माण से जुड़े चढ़ावे, चंदे, भूमि खरीद और अन्य खर्चों का स्वतंत्र फॉरेंसिक ऑडिट कर रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की।

डॉ. रागिनी नायक ने कहा कि यह किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि देश के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास का विषय है। इसलिए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति जनता के सामने लाई जानी चाहिए।

पत्रकार वार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे, संजीव सिंह, गुलशन अली, डॉ. राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, दिलीप चौबे, अरुण सोनी, वकील अंसारी, अनुराधा यादव, अब्दुल हमीद डोडे, विकास कौण्डिल्य, रोहित दुबे, परवेज खां, किशन यादव, अरविन्द सेठ, रामजी गुप्ता सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

मौसम अपडेट

राशिफल

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x