वाराणसी। कमिश्नरेट की चितईपुर पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने तथा कथित रूप से तीन बार गर्भपात कराने के मामले में वांछित आरोपी को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को उसके घर से हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, थाना चितईपुर में दर्ज मुकदमे के मुताबिक पीड़िता ने आरोप लगाया था कि उसकी बड़ी बहन की शादी वर्ष 2023 में बहोरिपुर (बिरापट्टी) में हुई थी। बहन के देवर किशन पटेल का उसके घर आना-जाना था, जिसके दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए। आरोप है कि किशन ने शादी का वादा कर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का यह भी आरोप है कि गर्भ ठहरने पर आरोपी ने तीन बार दवा खिलाकर गर्भपात कराया और बाद में शादी करने से इनकार कर दिया।
शिकायत के आधार पर थाना चितईपुर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 एवं 89 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान महिला उपनिरीक्षक ममता सक्सेना आरोपी की तलाश कर रही थीं। इसी क्रम में पुलिस टीम ने शनिवार को बहोरिपुर, पोस्ट बिरापट्टी स्थित उसके घर पर दबिश देकर आरोपी किशन पटेल (25) को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान सभी वैधानिक प्रक्रियाओं तथा सर्वोच्च न्यायालय एवं राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन किया गया। आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार गौतम, महिला उपनिरीक्षक ममता सक्सेना, हेड कांस्टेबल सतीश चंद्र यादव तथा आरक्षी जयराम गौड़ शामिल रहे।










