वाराणसी। रोहनियां क्षेत्र के अवलेशपुर में व्यापारी जितेंद्र पटेल की सनसनीखेज हत्या का सफल खुलासा करने वाली संयुक्त पुलिस टीम को मंगलवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सम्मानित किया। इस अवसर पर उत्कृष्ट एवं साहसिक पुलिस कार्य के लिए टीम को कुल एक लाख रुपये का नगद पुरस्कार, प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान किए गए।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि एसओजी, थाना रोहनियां एवं वरुणा जोन की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई, पेशेवर दक्षता और बेहतर टीमवर्क का परिचय देते हुए जघन्य हत्याकांड का सफल अनावरण किया। पुलिस ने इस मामले में शामिल गैंग के पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया, जिनमें दो अभियुक्तों को पुलिस मुठभेड़ के दौरान दबोचा गया। उन्होंने इस उपलब्धि को पुलिस टीम की सतर्कता, समर्पण और प्रभावी रणनीति का परिणाम बताते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि इसी प्रकार की निष्ठा, ईमानदारी और व्यावसायिक दक्षता के साथ कार्य करते हुए पुलिस बल जनसुरक्षा, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा।

पुरस्कार वितरण के दौरान एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक गौरव कुमार सिंह तथा प्रभारी निरीक्षक रोहनियां राजू सिंह को 25-25 हजार रुपये का नगद पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं प्रकरण के सफल अनावरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अन्य पुलिसकर्मियों को 10-10 हजार रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वालों में एसओजी के उपनिरीक्षक गौरव कुमार सिंह (प्रभारी), उपनिरीक्षक आयुष पाण्डेय, कांस्टेबल मनीष बघेल एवं कांस्टेबल अंकित मिश्रा, थाना रोहनियां के प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह, उपनिरीक्षक भरत चौधरी तथा वरुणा जोन से थाना शिवपुर के उपनिरीक्षक गौरव कुमार सिंह शामिल रहे।









