नई दिल्ली, 26 जून। अंतरराष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस के अवसर पर चाणक्यपुरी स्थित इंटरनेशनल यूथ हॉस्टल में आयोजित 39वें अंतरराष्ट्रीय कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह-2026 में समाजसेवी, योग विशेषज्ञ एवं वांछित फाउंडेशन की संस्थापक डॉ. सुनीता मेहरोत्रा ने विशिष्ट अतिथि के रूप में सहभागिता करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।
नशा मुक्ति के प्रति जनजागरूकता, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने और सामाजिक चेतना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित इस समारोह में देशभर से साहित्यकारों, समाजसेवियों, शिक्षाविदों एवं विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों ने भाग लिया।
अपने संबोधन में डॉ. सुनीता मेहरोत्रा ने कहा कि योग, ध्यान और सकारात्मक जीवनशैली ही नशामुक्त समाज की सशक्त आधारशिला हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ और जागरूक युवा ही विकसित एवं सशक्त भारत का भविष्य हैं।

कार्यक्रम के दौरान अंतरराष्ट्रीय कवि सम्मेलन, सम्मान समारोह तथा नशा मुक्ति विषयक विचार गोष्ठी का आयोजन हुआ, जिसमें विशेषज्ञों ने नशे के दुष्प्रभावों और उससे मुक्ति के प्रभावी उपायों पर अपने विचार रखे।
डॉ. मेहरोत्रा ने आयोजन की सफलता पर आयोजक डॉ. सचिदानंद शांडिल्य, आयोजन समिति एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे जनजागरूकता अभियान समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि वांछित फाउंडेशन भविष्य में भी योग, स्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण और नशा मुक्ति जैसे सामाजिक अभियानों में सक्रिय योगदान देता रहेगा।









