वाराणसी, 21 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अवसर पर बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में रविवार को योग, स्वास्थ्य और सामूहिक सहभागिता का अद्भुत संगम देखने को मिला। महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत के मार्गदर्शन में बरेका के विभिन्न परिसरों में आयोजित योग शिविरों में अधिकारियों, कर्मचारियों, उनके परिजनों, प्रशिक्षुओं तथा स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया और स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
अधिकारी क्लब में आयोजित मुख्य योग शिविर का शुभारंभ प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री लालजी चौधरी द्वारा महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत को पौधा भेंट कर सम्मानित किए जाने के साथ हुआ। इसके उपरांत महाप्रबंधक ने योग गुरु श्री संजय कुमार शर्मा को पौधा एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक रूप से “वंदे मातरम्” के गायन से हुई, जिससे पूरे परिसर में राष्ट्रभक्ति एवं सांस्कृतिक चेतना का वातावरण व्याप्त हो गया।
इस अवसर पर उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने प्रधानमंत्री के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस संदेश का सीधा प्रसारण देखा। इसके बाद योग गुरु श्री संजय कुमार शर्मा के कुशल मार्गदर्शन में महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत, प्रमुख मुख्य विभागाध्यक्षों, वरिष्ठ अधिकारियों तथा उनके परिवारजनों सहित बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत विभिन्न योगासनों, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। योगाभ्यास के दौरान स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश भी दिया गया।

योग सत्र के समापन पर महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत ने योग गुरु श्री संजय कुमार शर्मा को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ हुआ।
इसी क्रम में प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र में प्राचार्य श्री सुभाष चंद्र यादव के नेतृत्व तथा योग विशेषज्ञ डॉ. आनंद कुमार कर्ण के मार्गदर्शन में आयोजित योग शिविर में अधिकारियों, कर्मचारियों, प्रशिक्षकों एवं प्रशिक्षुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। वहीं कर्मचारी क्लब में वरिष्ठ तकनीशियन (विद्युत) एवं योग प्रशिक्षक श्री सरोज कुमार सिंह के निर्देशन में कर्मचारियों और उनके परिजनों ने योगाभ्यास कर योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लिया।
बरेका के विभिन्न परिसरों में आयोजित इन योग शिविरों में हजारों प्रतिभागियों की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की। योग के माध्यम से शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और आध्यात्मिक उन्नयन का संदेश देते हुए प्रतिभागियों ने “स्वस्थ भारत-समृद्ध भारत” के राष्ट्रीय संकल्प को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।









