वाराणसी, 21 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर डीआईजी वाराणसी परिक्षेत्र कार्यालय में रविवार को भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डीआईजी वाराणसी परिक्षेत्र श्री वैभव कृष्ण के नेतृत्व में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
योग सत्र का संचालन मनीष कुमार पाण्डेय, योग प्रशिक्षक, योग वेलनेस सेंटर, स्वामी विवेकानंद स्मारक चिकित्सालय, भेलूपुर द्वारा किया गया। उन्होंने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया तथा नियमित योग से होने वाले शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक लाभों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में लगभग 200 अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सहभागिता रही। योगाभ्यास के दौरान अनुशासन और उत्साह का अद्भुत समन्वय देखने को मिला। प्रशिक्षक ने बताया कि योग न केवल शरीर को निरोग बनाता है, बल्कि मानसिक तनाव को कम कर कार्यक्षमता और एकाग्रता में भी वृद्धि करता है।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत और जीवन दर्शन का महत्वपूर्ण अंग है। वर्तमान भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से नियमित योगाभ्यास को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।










