वाराणसी। सिख धर्म के पंचम गुरु एवं शहीदों के सरताज गुरु श्री अर्जुन देव जी महाराज का 420वां शहीदी दिवस गुरुवार को विशेश्वरगंज स्थित डेरा संगत चेतन मठ में श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर दिनभर धार्मिक अनुष्ठानों एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकाल सुखमनी साहिब के पाठ से हुआ। इसके पश्चात पांच वाणियों का पाठ तथा गुरु ग्रंथ साहिब जी एवं पंचम पातशाह गुरु अर्जुन देव जी महाराज की महाआरती संपन्न हुई। आरती का संचालन डेरा संगत चेतन मठ के महंत बलविंदर सिंह ने किया। धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर गुरु चरणों में श्रद्धा अर्पित की।
अरदास के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद स्वरूप चना-घुघनी, हलवा एवं शीतल लस्सी का वितरण किया गया। सेवा का यह क्रम देर रात्रि तक निरंतर चलता रहा।

महंत बलविंदर सिंह के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में राजेंद्र कुमार मिश्र, नरेंद्र कुमार मिश्र, महेंद्र मिश्र, संकल्प मिश्र, प्रथम मिश्र, हनी मिश्र एवं मोहित मिश्र ने विशेष सहयोग प्रदान किया।
इस अवसर पर नीचीबाग गुरुद्वारा के मुख्य ग्रंथी जगतार सिंह, प्रबंधक महेंद्र सिंह, धर्मबीर सिंह सहित अन्य श्रद्धालुओं ने भी उपस्थित होकर मत्था टेका और आशीर्वाद प्राप्त किया।










