वाराणसी। अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कैंट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अर्दली बाजार स्थित सुविधा साड़ी फर्म से लगभग 70 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर पांच वर्षों से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के क्रम में पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन, अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन तथा सहायक पुलिस आयुक्त कैंट सर्किल के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत प्रभारी निरीक्षक थाना कैंट के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने साइबर सेल की सहायता से अभियुक्त की गिरफ्तारी की।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सौरभ गुप्ता पुत्र राजेश कुमार गुप्ता के रूप में हुई है। वह वर्तमान में पटेल नगर, थाना सिविल लाइन, गुरुग्राम (हरियाणा) में रह रहा था, जबकि उसका मूल निवास गंगा नगर कॉलोनी, थाना आदमपुर, वाराणसी है। अभियुक्त की उम्र लगभग 40 वर्ष बताई गई है। पुलिस के अनुसार, अभियुक्त के विरुद्ध मु0अ0सं0 0479/21 धारा 420 व 409 भादवि के तहत थाना कैंट कमिश्नरेट वाराणसी में मुकदमा दर्ज है। यह मामला 8 सितंबर 2021 को सुविधा साड़ी फर्म के संचालक देवानंद सेवारमानी सप्पू द्वारा दर्ज कराया गया था। आरोप है कि फर्म में मैनेजर/अकाउंटेंट के रूप में कार्यरत सौरभ गुप्ता ने दो अन्य व्यक्तियों के साथ मिलकर अपने नाम से फर्जी फर्म बनाकर माल भुगतान के नाम पर लगभग 70 लाख रुपये का गबन किया।

अभियोग पंजीकृत होने के बाद से ही अभियुक्त फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी पर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने उसे 18 जनवरी 2026 को शाम 6 बजे, थाना सिविल लाइन, गुरुग्राम (हरियाणा) से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र, उपनिरीक्षक आशुतोष कुमार त्रिपाठी, उपनिरीक्षक बलवंत कुमार, हेड कांस्टेबल ज्ञानेन्द्र कुमार (सर्विलांस सेल), कांस्टेबल प्रेम पंकज (सर्विलांस सेल) एवं कांस्टेबल नागेन्द्र कुमार शामिल रहे।









