वाराणसी। सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय में शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने 6 जुलाई से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित करते हुए अधिसूचना जारी कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी समर्थ (Samarth) पोर्टल के माध्यम से निर्धारित तिथियों तक आवेदन कर सकेंगे।
छात्रकल्याण संकायाध्यक्ष प्रो. शैलेश कुमार मिश्र ने बताया कि आचार्य प्रथम सेमेस्टर, विदेशी भाषा डिप्लोमा, संस्कृत, भाषा विज्ञान तथा संगीत के प्रमाण-पत्रीय पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन लिए जाएंगे। विदेशी भाषा डिप्लोमा के अंतर्गत रूसी, फ्रेंच, जर्मन, तिब्बती, स्पेनिश, नेपाली और अंग्रेजी भाषाओं का अध्ययन कराया जाएगा।
आचार्य प्रथम सेमेस्टर के लिए ऑनलाइन आवेदन 6 जुलाई से 6 अगस्त तक, जबकि विदेशी भाषा डिप्लोमा एवं प्रमाण-पत्रीय पाठ्यक्रमों के लिए 6 जुलाई से 26 जुलाई तक किए जा सकेंगे। प्रवेश पंजीकरण शुल्क 200 रुपये निर्धारित किया गया है, जिसका भुगतान केवल ऑनलाइन माध्यम से होगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभ्यर्थियों से आवेदन से पूर्व विश्वविद्यालय की प्रवेश निर्देशिका का अध्ययन करने की अपील की है। आचार्य प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश मेरिट सूची के आधार पर होगा। काउंसिलिंग के समय अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र की प्रति, आवश्यक अभिलेख तथा अभिभावक/संरक्षक के हस्ताक्षर सहित उपस्थित होना होगा। प्रवेश के बाद एंटी रैगिंग शपथ-पत्र भरना भी अनिवार्य रहेगा।











