वाराणसी। जैतपुरा क्षेत्र के तेलियाना मोहल्ले में लंबे समय से चली आ रही सीवर समस्या और दूषित जलापूर्ति को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा अब खुलकर सामने आ गया है। इस संबंध में क्षेत्रीय नागरिकों ने तेलियाना स्थित हाजी मोहम्मद शोएब के आवास पर प्रेस वार्ता आयोजित कर अपनी समस्याएं मीडिया के सामने रखीं।
लोगों ने बताया कि इलाके में लगभग 30 वर्ष पुरानी सीवर और पानी की पाइपलाइन पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। इसके चलते घरों में गंदा और प्रदूषित पानी पहुंच रहा है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर भी खतरा मंडरा रहा है। कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि समस्या लगातार बढ़ती जा रही है, लेकिन जिम्मेदार विभाग पूरी तरह उदासीन बना हुआ है। इससे क्षेत्र में व्यापक आक्रोश व्याप्त है।

लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे सड़कों पर उतरकर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। प्रेस वार्ता में हाजी मोहम्मद शोएब, मुख्तार अहमद, मुन्ना, अनवर अहमद, नयाउद्दीन, बिलाल अहमद, गुलाब पट्टी वाला, हाजी मारुब सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।









