चकिया, चंदौली। चकिया थाना क्षेत्र में 18 माह की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि वार्ड नंबर-3 शमशेर नगर निवासी मोहन प्रजापति बच्ची को घर से बाहर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद वह बच्ची को घर के पास छोड़कर फरार हो गया। बच्ची की हालत देखकर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित बच्ची के परिजन की तहरीर पर चकिया थाने में मु.अ.सं. 217/2026 के तहत धारा 65(2) बीएनएस एवं धारा 5M/6 पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया। तहरीर में आरोप लगाया गया कि मोहन प्रजापति पुत्र छेदी बच्ची को घर पर खिलाने के बहाने बाहर ले गया था। करीब डेढ़ घंटे बाद वह बच्ची को घर के पास छोड़कर चला गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहन प्रजापति को इंटर कॉलेज के पीछे से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने 20 अगस्त को बच्ची को घर से बाहर ले जाकर ऑटो से मोहम्मदाबाद की ओर जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने की बात स्वीकार की है। इसके बाद बच्ची को घर के पास छोड़कर फरार होने की बात भी बताई।

पुलिस ने बच्ची को उपचार एवं चिकित्सकीय परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।










