वाराणसी। रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना-2026 के तहत सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय एवं सम्बद्ध महाविद्यालयों की पात्र मेधावी छात्राओं को योजना का लाभ दिलाने की प्रक्रिया जारी है। विश्वविद्यालय स्तर पर चिन्हित 75 पात्र छात्राओं में से 6 सितम्बर तक 55 का पंजीकरण एवं वैरीफिकेशन पूरा हो चुका है, जबकि 20 छात्राओं का सत्यापन अभी लंबित है।
लंबित सत्यापन को पूरा कराने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से सम्बद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्यों तथा संबंधित छात्राओं से दूरभाष, व्हाट्सऐप और पत्राचार के माध्यम से संपर्क किया जा रहा है। विश्वविद्यालय ने सभी सम्बद्ध महाविद्यालयों को निर्देश दिया है कि लंबित प्रकरणों का वैरीफिकेशन प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराया जाए, ताकि कोई पात्र छात्रा योजना के लाभ से वंचित न रहे।
परीक्षा नियंत्रक दिनेश कुमार ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना छात्राओं के शैक्षिक सशक्तीकरण और उच्च शिक्षा को सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। विश्वविद्यालय स्तर पर पंजीकरण एवं सत्यापन की प्रक्रिया को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने सम्बद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्यों से लंबित छात्राओं का वैरीफिकेशन बिना विलंब पूरा कराने की अपील की।











