वाराणसी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर 95 बटालियन सीआरपीएफ, सृजन सामाजिक विकास न्यास एवं नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में दुर्गाकुंड स्थित मानस नगर कॉलोनी के मानस पार्क में बृहद स्वच्छता अभियान, जनजागरूकता रैली और पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के दौरान पार्क और आसपास के क्षेत्र की सफाई कर विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए।
मुख्य अतिथि 95 बटालियन सीआरपीएफ के कमांडेंट राजेश्वर एस. बालापुरकार ने पौधरोपण करते हुए कॉलोनीवासियों को एक-एक पौधा लगाने की जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी सभी नागरिकों की है और स्वस्थ जीवन के लिए पर्यावरण संरक्षण आवश्यक है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सृजन सामाजिक विकास न्यास के अध्यक्ष एवं गंगा हरितिमा अभियान के ब्रांड एंबेसडर अनिल कुमार सिंह ने की। उन्होंने उपस्थित लोगों को स्वच्छता, वृक्षारोपण, पर्यावरण एवं जल संरक्षण की शपथ दिलाई। इस अवसर पर एनडीआरएफ के असिस्टेंट कमांडेंट आशीष सिंह चौहान, प्रो. पारस नाथ उपाध्याय, अनूप कुमार दुबे, पार्षद अक्षयबर सिंह, प्रवीण सिंह, इंस्पेक्टर अजय कुमार सिंह सहित सीआरपीएफ, एनडीआरएफ, नगर निगम और सृजन सामाजिक विकास न्यास की टीम मौजूद रही।











