Follow us on

Home » ब रे का » सेवा के बाद जीवन की नई शुरुआत का संदेश, बरेका के 12 कर्मियों को दी भावभीनी विदाई

सेवा के बाद जीवन की नई शुरुआत का संदेश, बरेका के 12 कर्मियों को दी भावभीनी विदाई

Share this post:

वाराणसी, 31 अगस्त। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में अगस्त 2026 के दौरान सेवानिवृत्त हुए दो अधिकारियों सहित 12 कर्मचारियों को रविवार को भावभीनी विदाई दी गई। प्रशासन भवन स्थित कीर्ति कक्ष में आयोजित विदाई एवं सम्मान समारोह में महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने सभी सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारियों को माल्यार्पण कर फोल्डर प्रदान करते हुए उनके दीर्घ सेवाकाल और योगदान के लिए सम्मानित किया।

समारोह की अध्यक्षता करते हुए महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने कहा कि “सेवानिवृत्ति नौकरी से विदाई है, जीवन से नहीं, बल्कि जीवन के एक नए और सार्थक अध्याय की शुरुआत है।” उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मियों को स्वस्थ, सुखी एवं शांतिपूर्ण जीवन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सेवा निवृत्ति के बाद स्वास्थ्य, परिवार, वित्तीय प्रबंधन और सामाजिक सरोकारों पर विशेष ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि वाराणसी जैसे आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक नगर में जीवन व्यतीत करना अपने आप में सौभाग्य की बात है। सेवानिवृत्त कर्मियों को आत्मचिंतन, सकारात्मक सोच, आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक रूप से उपयोगी कार्यों से जुड़े रहने का संदेश देते हुए उन्होंने जीवन में प्राप्त उपलब्धियों एवं अवसरों के लिए ईश्वर के प्रति कृतज्ञ रहने की भी प्रेरणा दी।

इस अवसर पर सेवानिवृत्त वरिष्ठ सुरक्षा आयुक्त संजय पीसे एवं सहायक वित्त सलाहकार रमा शंकर जायसवाल सहित अन्य सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव और संस्मरण साझा किए। उन्होंने बरेका को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बताते हुए संस्थान से जुड़ी यादों को भावुकता के साथ साझा किया।

प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील ने ध्यान, स्वाध्याय और आध्यात्मिक चेतना के माध्यम से जीवन को सार्थक बनाने पर बल दिया। प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार ने सेवानिवृत्त कर्मियों के लंबे सेवाकाल और अनुभवों की सराहना की। प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी ने सेवानिवृत्ति फोल्डर में उपलब्ध महत्वपूर्ण जानकारियों एवं सुविधाओं की विस्तार से जानकारी दी।

मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. अब्दुल माबूद ने नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, व्यायाम, संतुलित आहार और शरीर की समुचित देखभाल को जीवन की प्राथमिकता बनाने की सलाह दी। कर्मचारी परिषद के संयुक्त सचिव प्रदीप कुमार यादव ने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों के सुखद, स्वस्थ एवं समृद्ध भविष्य की मंगलकामना की।

समारोह में भारतीय स्टेट बैंक, बरेका की मुख्य शाखा प्रबंधक रिचा त्रिपाठी तथा बैंक ऑफ बड़ौदा, बरेका के मुख्य शाखा प्रबंधक दिनेश कुमार ने वित्तीय प्रबंधन, निवेश, वित्तीय सुरक्षा एवं साइबर सुरक्षा के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने सेवानिवृत्ति लाभों के विवेकपूर्ण और सुरक्षित प्रबंधन पर विशेष जोर दिया।

अगस्त माह में सेवानिवृत्त होने वालों में संजय पीसे, रमा शंकर जायसवाल, विनोद कुमार सिंह, धर्मशीला देवी, राजाराम, देवानंद देव पाण्डेय, संजू सिन्हा, फूला देवी, शशि भूषण, नय्यर आजम, किरन देवी एवं शिवशंकर कुमार शामिल रहे।

समारोह में प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक आलोक अग्रवाल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर राम जनम, महानिदेशक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त देवराज कुमार मौर्य, प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी अंकुर चंद्रा, उप महाप्रबंधक सागर, जन संपर्क अधिकारी राजेश कुमार, सहायक कार्मिक अधिकारी मुख्यालय राम प्रवेश यादव सहित कर्मचारी परिषद के सदस्य श्रीकांत यादव, नवीन कुमार सिन्हा, अमित कुमार एवं मनीष कुमार तथा बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन और सहकर्मी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन उप मुख्य कार्मिक अधिकारी, मुख्यालय समीर पॉल ने किया।

लेखक के बारे में

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

मौसम अपडेट

राशिफल

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x