Follow us on

Home » क्राइम » सामनेघाट पर नाव संचालन को लेकर हिंसक संघर्ष, तीन नामजद समेत 60 अज्ञात पर मुकदमा

सामनेघाट पर नाव संचालन को लेकर हिंसक संघर्ष, तीन नामजद समेत 60 अज्ञात पर मुकदमा

Share this post:

वाराणसी। गंगा में नाव संचालन को लेकर लंबे समय से चला आ रहा विवाद शुक्रवार को एक बार फिर हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। लंका थाना क्षेत्र के सामनेघाट स्थित जजेज गेस्ट हाउस के पास बने पक्का घाट पर नाव लगाने को लेकर नाविकों के दो गुट आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों में जमकर मारपीट शुरू हो गई, जिससे घाट क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के अनुसार, मदरवा निवासी गौतम साहनी की तहरीर पर तीन नामजद आरोपियों सहित 50 से 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़ित का आरोप है कि वह शुक्रवार को अपने साथी नाविकों—कल्लू, रामचंद्र, सोमनाथ, रामानंद और विकास साहनी—के साथ पक्का घाट पर सवारी का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान बबलू साहनी वहां पहुंचा और नाव संचालन को लेकर विरोध जताने लगा। नाविकों द्वारा समझाने के प्रयास के बाद वह मौके से चला गया। आरोप है कि कुछ ही समय बाद बबलू साहनी 50 से 60 साथियों के साथ लगभग 10 नावों पर सवार होकर दोबारा घाट पर पहुंचा। घाट पर पहुंचते ही हमलावरों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से नाविकों पर जानलेवा हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से घाट पर मौजूद नाविकों के साथ-साथ श्रद्धालुओं में भी दहशत फैल गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। इस हिंसक झड़प में कई नाविक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही लंका थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। लंका थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा ने बताया कि मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए नामजद आरोपियों के साथ-साथ अज्ञात हमलावरों के खिलाफ प्राणघातक हमला सहित अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

मौसम अपडेट

राशिफल

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x