वाराणसी। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने गुरुवार को वाराणसी पुलिस लाइन का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परिसर में कई गंभीर कमियां सामने आईं, जिन पर पुलिस कमिश्नर ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण में पुलिस लाइन परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था अत्यंत लापरवाह पाई गई। कई स्थानों पर कूड़ा-कचरा फैला हुआ था, वहीं निर्माण सामग्री की मिट्टी बिखरी होने से अव्यवस्था का माहौल नजर आया। इसके अलावा, कई जगहों पर सामान सही ढंग से न रखे जाने के कारण परिसर की देखरेख में स्पष्ट लापरवाही उजागर हुई। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने मौके पर ही संबंधित ठेकेदार को निर्देशित किया कि सभी कमियों को तत्काल दूर किया जाए। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि साफ-सफाई और व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ, तो लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों व जिम्मेदारों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस कमिश्नर ने यह भी स्पष्ट किया कि आगामी गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) को देखते हुए पुलिस लाइन की सभी तैयारियां पूरी गंभीरता और समयबद्ध तरीके से की जाएं। यह निरीक्षण राष्ट्रीय पर्व से पहले व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करने के उद्देश्य से किया गया था।अचानक हुए इस निरीक्षण से प्रशासनिक स्तर पर सतर्कता का संदेश गया है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि संबंधित विभाग कितनी तेजी से खामियों को दूर करते हैं और गणतंत्र दिवस तक पुलिस लाइन परिसर को व्यवस्थित व स्वच्छ रूप देने में कितना सफल होते हैं।









