वाराणसी। संत शिरोमणि कबीर दास की जयंती पर सोमवार को निकाली गई भव्य शोभायात्रा के दौरान सामाजिक संस्था लाखन आर्मी की ओर से लहरतारा स्थित बौलिया तिराहा के समीप श्रद्धालुओं के लिए सेवा शिविर लगाया गया। शिविर में शोभायात्रा में शामिल हजारों श्रद्धालुओं को मिष्ठान, बिस्कुट एवं पेयजल की बोतलों का वितरण कर सेवा की गई।
संस्था के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरज पासी के निर्देश पर आयोजित सेवा शिविर का नेतृत्व प्रदेश सचिव श्यामसुंदर पासी ने किया। इस अवसर पर प्रदेश सचिव श्यामसुंदर पासी एवं मंडल अध्यक्ष रितेश पासी ने कहा कि संत कबीर ने समाज को समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। उनकी जयंती पर शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं की सेवा करना संस्था के लिए सौभाग्य की बात है।
उन्होंने बताया कि लाखन आर्मी का उद्देश्य पासी समाज सहित गरीब, वंचित एवं कमजोर वर्गों के सम्मान, उत्थान और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए कार्य करना है। साथ ही जानकारी दी कि लखन पासी द्वारा बसाए गए शहर लखनऊ में शीघ्र ही पासी समाज का एक विशाल सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें देशभर से समाज के लोग भाग लेंगे।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष दिनेश पासी, संदीप सरोज, आशीष सरोज, शिवा सरोज, अजय गुप्ता, रोहित सरोज, दिनेश जायसवाल, अजय पासी, सुमित सरोज, राज, सौरभ, अशोक गुप्ता, मुन्ना सरोज, नीरज सरोज, जलीस सरोज, गोलू सरोज सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









