वाराणसी। वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से स्वतंत्र प्रत्याशी एवं शिक्षा विभाग में विभिन्न उच्च पदों पर सेवाएं दे चुके चंद्रजीत सिंह यादव ने अपनी उम्मीदवारी और प्राथमिकताओं को लेकर मतदाताओं से संवाद किया। वाराणसी पहुंचने पर समर्थकों और शुभचिंतकों ने उनका भव्य स्वागत किया, जिससे वह गदगद नजर आए।
मीडिया से बातचीत में चंद्रजीत सिंह यादव ने बताया कि उन्होंने शिक्षा विभाग में लंबे समय तक विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। वह वर्ष 2003-04 तथा 2012-13-14 में दो बार जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) के पद पर रहे। इसके अलावा करीब एक माह निदेशक, हिंदी संस्थान के रूप में तथा प्रदेश के विभिन्न जनपदों और मंडलों में उप निदेशक एवं प्रभारी उप निदेशक के पदों पर भी सेवाएं दीं। वर्ष 2023 में वह सेवानिवृत्त हुए।
उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी समाज और आमजन की सेवा के लिए सक्रिय रहना उनका उद्देश्य है। चुनाव में शिक्षा, शिक्षक और युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने वित्तविहीन शिक्षकों के लिए सम्मानजनक मानदेय, पुरानी पेंशन योजना की बहाली तथा युवाओं को बेरोजगारी भत्ता दिए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

चंद्रजीत यादव ने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का समाधान निर्धारित समयसीमा में होना चाहिए। उन्होंने कहा कि नियम-कानून के दायरे में रहकर जनता की आवाज सदन तक पहुंचाने और स्नातक मतदाताओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे अपने विवेक और स्वतंत्र निर्णय के आधार पर मतदान करें। इस दौरान वाराणसी में हुए स्वागत कार्यक्रम में समर्थकों की मौजूदगी और उत्साह देखने को मिला।










