वाराणसी। विश्व पर्यटन दिवस के उपलक्ष्य में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के पर्यटन अध्ययन संस्थान में वर्ष 2026 की थीम ‘डिजिटल, एआई एवं पर्यटन’ पर आधारित साप्ताहिक प्रतियोगिताओं एवं विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसके तहत क्विज, पोस्टर मेकिंग, रील मेकिंग, फोटोग्राफी, एक्सटेम्पोर और रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। शनिवार को संस्थान के छात्र-छात्राओं ने जागरूकता रैली निकाली, जिसे कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली पंत प्रशासनिक भवन से शुरू होकर भारत माता मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।
रैली के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने पर्यटन के बढ़ते महत्व और रोजगार की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पर्यटन विश्व की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। अनेक देशों में पर्यटन आय और आजीविका का प्रमुख साधन है। वर्तमान समय में पर्यटन के क्षेत्र में रोजगार के अवसर लगातार बढ़ रहे हैं। डिजिटल तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के बढ़ते उपयोग से पर्यटन क्षेत्र में रोजगार और नवाचार की नई संभावनाएं सामने आ रही हैं।
इस अवसर पर कुलपति ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। प्रथम स्थान पर महक पटेल, येशु कुमार, तनवीर और राहुल रहे। द्वितीय स्थान शांतनु, अंजली सिंह, वैष्णवी और हर्षित साहनी ने प्राप्त किया, जबकि तृतीय स्थान स्नेह सिंह, अनन्या सिंह, अर्पित भारद्वाज और खुशी को मिला।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि छात्र कल्याण संकाय के अध्यक्ष प्रो. राजेश कुमार मिश्र तथा विशिष्ट अतिथि कुलानुशासक डॉ. अम्बरीष राय रहे। विषय प्रवर्तन पर्यटन अध्ययन संस्थान की निदेशक प्रो. भारती रस्तोगी ने किया। संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ. ज्योतिमा सिंह ने किया।











