वाराणसी। युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग वाराणसी की ओर से उत्तर प्रदेश ग्रामीण खेल लीग के तहत बुधवार को विधानसभा पिण्डरा में विधायक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम नेशनल इंटर कॉलेज पिण्डरा में सम्पन्न हुआ।मुख्य अतिथि के रूप में पिण्डरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपजिलाधिकारी प्रतिभा मिश्रा, खंड शिक्षा अधिकारी पिण्डरा विनोद कुमार मिश्रा व बड़ागांव के खंड शिक्षा अधिकारी विजय प्रकाश यादव उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने माता सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर किया। शुभारंभ से पूर्व जिला युवा कल्याण अधिकारी नीतीश कुमार राय ने विधायक का अंगवस्त्रम और मोमेंटो देकर सम्मान किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. सिंह ने कहा कि पठन-पाठन के साथ खेल भी जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो नई ऊर्जा का संचार करता है। उन्होंने कहा कि युवा कल्याण विभाग समय-समय पर प्रतियोगिताएं आयोजित कर युवाओं की प्रतिभा को निखारने का कार्य कर रहा है।खेलकूद समारोह का संचालन वीरेंद्र प्रताप सिंह ने किया। प्रतियोगिता के अंत में मुख्य अतिथि ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। सब जूनियर महिला वर्ग की 100 मीटर दौड़ में अंजू पासवान प्रथम, आकांक्षा सरोज द्वितीय और सीता सोनकर तृतीय रहीं। जूनियर पुरुष वर्ग की कुश्ती 40 किलोग्राम में प्रियांशु यादव विजेता और पवन कुमार उपविजेता, जबकि 45 किलोग्राम वर्ग में प्रांजल यादव प्रथम व अनीश कुमार द्वितीय रहे।जूनियर महिला वर्ग में औरांव टीम विजेता तथा भानपुर टीम उपविजेता रही। सीनियर पुरुष वर्ग की 200 मीटर दौड़ में आर्यन पाल प्रथम, अमन सिंह द्वितीय और मोनू पाल तृतीय स्थान पर रहे। प्रतियोगिता में वीरेंद्र कुमार, विवेक सिंह, रीना यादव (क्षेत्रीय कल्याण अधिकारी), पीआरडी मनोज कुमार, अनुपम यादव, आनंद कुमार, जितेंद्र यादव और नंदलाल का विशेष सहयोग रहा।कार्यक्रम समिति के अनुसार 27 नवंबर को जूडो, भारोत्तोलन, फुटबॉल और बैडमिंटन प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।









