वाराणसी। राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए वाराणसी के वरिष्ठ पत्रकार आदर्श श्रीवास्तव को वाराणसी मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। यह निर्णय संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं संस्थापक देवेन्द्र कुमार मिश्रा, संरक्षक ए.पी. सिंह (महाधिवक्ता, सुप्रीम कोर्ट) तथा प्रदेश कार्यकारिणी की सर्वसम्मति से लिया गया। संगठन की बैठक में वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद देशभर में पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्षरत रही है। परिषद का स्पष्ट उद्देश्य है कि किसी भी पत्रकार या आम नागरिक के साथ अन्याय न हो और पीड़ितों की आवाज को मजबूती के साथ प्रशासन तक पहुँचाया जाए। इसी क्रम में एम.डी. न्यूज के सह-प्रदेश ब्यूरो हेड के रूप में कार्यरत आदर्श श्रीवास्तव को वाराणसी मंडल की जिम्मेदारी सौंपते हुए संगठन ने भरोसा जताया कि उनके अनुभव और सक्रियता से मंडल स्तर पर संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलेगी। नई जिम्मेदारी मिलने पर आदर्श श्रीवास्तव ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा— “मुझ पर जो विश्वास जताया गया है, उस पर खरा उतरने का मैं हर संभव प्रयास करूंगा। पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के लिए संगठन के उद्देश्यों को पूरी निष्ठा से आगे बढ़ाया जाएगा।” आदर्श श्रीवास्तव की नियुक्ति पर पत्रकार जगत में हर्ष का माहौल है। कई वरिष्ठ पत्रकारों और संगठन के पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में वाराणसी मंडल पत्रकार हितों की लड़ाई को और मजबूती से आगे बढ़ाएगा।









