नई दिल्ली। जन्मदिन को सेवा और सामाजिक सरोकार का माध्यम बनाते हुए वांछित फाउंडेशन की संस्थापिका एवं राष्ट्रीय अध्यक्षा डॉ. सुनीता मेहरोत्रा ने वृद्धाश्रम में रह रही वरिष्ठ महिलाओं के बीच साड़ी वितरण कर उनके साथ खुशियां साझा कीं। इस अवसर पर श्रीमती सुदेश एवं साक्षित मेहरोत्रा भी मौजूद रहे और सेवा कार्य में सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के दौरान वृद्धाश्रम की महिलाओं को साड़ियां भेंट कर उनका सम्मान किया गया। साथ ही उनका कुशलक्षेम जानने के साथ उनके लिए अल्पाहार की भी व्यवस्था की गई। इस आत्मीय पहल से भावुक हुईं वरिष्ठ महिलाओं ने डॉ. सुनीता मेहरोत्रा एवं उनके परिवार को सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु का आशीर्वाद दिया।
इस अवसर पर डॉ. सुनीता मेहरोत्रा ने कहा कि जन्मदिन केवल व्यक्तिगत उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि समाज के उन लोगों के साथ खुशियां बांटने का भी दिन है, जिन्हें अपनत्व, सम्मान और स्नेह की सबसे अधिक आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग हमारे परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर हैं तथा उनकी सेवा और सम्मान करना प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ और अन्य पारिवारिक अवसरों को जरूरतमंदों की सेवा से जोड़कर समाज में संवेदनशीलता और सकारात्मक बदलाव का संदेश दें।
वांछित फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, योग जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय है। संस्था का उद्देश्य सेवा, संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है।










