वाराणसी। वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 95 बटालियन सीआरपीएफ की ओर से सोमवार को सारनाथ वन विश्राम एवं मिनी जू परिसर में वन्य प्राणी सप्ताह के तहत जागरूकता रैली एवं पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम कमांडेंट राजेश्वर एस. बालापुरकर के मार्गदर्शन में वन विभाग, महाबोधि इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों और सृजन सामाजिक विकास न्यास के संयुक्त तत्वावधान में हुआ।
वन्य प्राणी सप्ताह के तहत आयोजित रैली में स्कूली बच्चों ने वन्यजीवों और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े नारे लगाए। बच्चों ने “वन्य जीवों की रक्षा कौन करेगा, हम करेंगे”, “पर्यावरण की रक्षा कौन करेगा, हम करेंगे” तथा “वन्य जीवों को हमें बचाना है, धरती को स्वर्ग बनाना है” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। रैली सारनाथ वन विश्राम एवं मिनी जू परिसर से म्यूजियम और डियर पार्क तक निकाली गई।
रैली के बाद विद्यार्थियों ने डियर पार्क का भ्रमण किया और वन्यजीव संरक्षण एवं पर्यावरण विषय पर आयोजित संगोष्ठी में भाग लिया। इसके बाद मिनी जू परिसर में पौधरोपण अभियान की शुरुआत मुख्य अतिथि सृजन सामाजिक विकास न्यास के अध्यक्ष एवं गंगा हरितमा अभियान, उत्तर प्रदेश से जुड़े अनिल कुमार सिंह ने की। वन विभाग के कर्मचारियों, सीआरपीएफ जवानों और स्कूली बच्चों ने विभिन्न प्रजातियों के छायादार एवं फलदार पौधे लगाए।

मुख्य अतिथि अनिल कुमार सिंह ने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन के दौर में वृक्षारोपण समय की सबसे बड़ी जरूरत है। पौधे लगाना केवल एक दिन का कार्य नहीं, बल्कि उनकी नियमित देखभाल कर उन्हें जीवित रखना भी सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को पर्यावरण स्वच्छ रखने तथा अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में सृजन सामाजिक विकास न्यास के उपाध्यक्ष मदन लाल चौरसिया, क्षेत्रीय वन अधिकारी सारनाथ रविंद्र यादव, उपक्षेत्रीय वन अधिकारी सारनाथ अमित कुमार दुबे, महाबोधि इंटर कॉलेज के शिक्षक एवं विद्यार्थी तथा 95 बटालियन सीआरपीएफ के निरीक्षक निरंजन कुमार सिंह, उपनिरीक्षक ए.के. पांडेय सहित सीआरपीएफ के जवान मौजूद रहे।










