वाराणसी। इनरव्हील क्लब वाराणसी ग्रेटर की ओर से कैंटोनमेंट स्थित होटल सूर्या के सभागार में पारंपरिक उल्लास, रंगों और रिश्तों की भावनात्मक मिठास के बीच भव्य तीजोत्सव समारोह का आयोजन किया गया। इस वर्ष समारोह की आकर्षक थीम ‘रिश्तों की रेलगाड़ी’ रही, जिसके माध्यम से जीवन के विभिन्न रिश्तों में आने वाले खट्टे-मीठे अनुभवों, नोक-झोंक और आपसी खिंचातानी को मनोरंजक एवं भावपूर्ण अंदाज में प्रस्तुत किया गया।
समारोह की मुख्य अतिथि इनरव्हील की डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन मधु कमानी रहीं। क्लब की अध्यक्ष जूही कोठारी ने बताया कि आज के दौर में रिश्तों और संबंधों में संवाद, समझदारी और मधुरता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। इसी संदेश को केंद्र में रखते हुए सदस्यों ने नाटक, गीत और नृत्य के माध्यम से रिश्तों के विविध रंगों को जीवंत किया।
कार्यक्रम में क्लब की सदस्याएं रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों और सोलह श्रृंगार में सजी-धजी नजर आईं। गीत-संगीत, नृत्य, मनोरंजक खेलों और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने तीजोत्सव के उत्साह को और बढ़ा दिया। इस दौरान महिलाओं ने एक-दूसरे के साथ उपहारों का आदान-प्रदान किया तथा लजीज व्यंजनों का आनंद लिया।

कार्यक्रम में क्लब की अध्यक्ष जूही कोठारी, सचिव प्रीति अग्रवाल, कोषाध्यक्ष रचना अग्रवाल, एडिटर शीतल सिंह, आईएसओ रुचि अग्रवाल, सौम्या अग्रवाल, डॉ. प्रिया, रूपाली अग्रवाल, नेहा अरोड़ा, अनीता शाह, नूतन अग्रवाल, तूलिका अग्रवाल सहित क्लब की अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं।
तीजोत्सव ने जहां भारतीय परंपरा और सांस्कृतिक उल्लास को सजीव किया, वहीं ‘रिश्तों की रेलगाड़ी’ की अनूठी थीम ने यह संदेश भी दिया कि जीवन के सफर में रिश्तों की छोटी-मोटी नोक-झोंक के बावजूद प्रेम, अपनापन और मधुरता ही संबंधों को मजबूत बनाए रखते हैं।










