वाराणसी। भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय टीम में राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी मिलने के बाद प्रथम बार काशी पहुंचे पार्टी के वरिष्ठ नेता सिद्धार्थ शंभू ने बुधवार को भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि के आवास पर पहुंचकर शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष एवं पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका अंगवस्त्रम, पुष्पगुच्छ और माल्यार्पण कर आत्मीय स्वागत किया।
सिद्धार्थ शंभू का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि उन्हें पार्टी की राष्ट्रीय टीम में सचिव का दायित्व मिलना पूर्वांचल सहित बिहार और उत्तर प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए गौरव और उत्साह का विषय है।
उन्होंने कहा कि सिद्धार्थ शंभू का लंबा संगठनात्मक अनुभव, समर्पण और कार्यकुशलता पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर नई ऊर्जा और मजबूती प्रदान करेगी। महानगर अध्यक्ष ने उनके सफल एवं उज्ज्वल कार्यकाल की कामना करते हुए कहा कि उनके मनोनयन से कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है।

इस अवसर पर सिद्धार्थ शंभू ने महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि एवं पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा सौंपी गई नई जिम्मेदारी का निर्वहन वे पूरी निष्ठा, प्रतिबद्धता और तत्परता के साथ करेंगे। साथ ही पार्टी की नीतियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।
मुलाकात के दौरान संगठन की भावी रणनीतियों, आगामी कार्यक्रमों एवं विभिन्न सांगठनिक विषयों पर भी सौहार्दपूर्ण वातावरण में विस्तृत चर्चा हुई।
इस अवसर पर भाजपा महानगर मंत्री अमित खरे सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।










