वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के महामना मदन मोहन मालवीय हिन्दी पत्रकारिता संस्थान में सोमवार को प्रो. गुरु प्रसाद सिंह के भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) का निदेशक नामित किए जाने पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के निदेशक डॉ. नागेन्द्र कुमार सिंह ने की।
डॉ. नागेन्द्र कुमार सिंह ने प्रो. गुरु प्रसाद सिंह को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज के सभी वर्गों के समान विकास की सोच को मजबूत करना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। ऐसा वातावरण बनाया जाना चाहिए, जिसमें प्रत्येक व्यक्ति को आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें।
सम्मान ग्रहण करने के बाद प्रो. गुरु प्रसाद सिंह ने कहा कि हरित क्रांति और राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड ने देश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने बताया कि भारत का दुग्ध व्यवसाय आज लगभग डेढ़ लाख करोड़ रुपये का विशाल उद्योग बन चुका है तथा दूध उत्पादन में देश विश्व में प्रथम स्थान पर है। इस उपलब्धि का श्रेय मुख्य रूप से असंगठित क्षेत्र के किसानों और पशुपालकों को जाता है।

उन्होंने कहा कि भारत को वास्तविक अर्थों में समृद्ध बनाने के लिए गांवों को उद्योग और रोजगार का केंद्र बनाना होगा। कौशल आधारित कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने तथा कृषि में समय प्रबंधन और वैज्ञानिक कार्यप्रणाली अपनाने पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि इससे किसान अधिक उत्पादन के साथ बेहतर आय भी अर्जित कर सकते हैं।
समारोह में डॉ. संजय सिंह गौतम, डॉ. वैष्णवी शुक्ला, हिलमिल राय, पुलकित जायसवाल, साजिया, समर सहित संस्थान के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।








