Follow us on

Home » राज्य समाचार » उत्तर प्रदेश » वाराणसी » रामलला दर्शन रोकने के विरोध में कांग्रेस का अनुष्ठान

रामलला दर्शन रोकने के विरोध में कांग्रेस का अनुष्ठान

Share this post:

वाराणसी। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को अयोध्या में श्रीरामलला के दर्शन के लिए जाते समय प्रशासन द्वारा रोके जाने के विरोध में मंगलवार को कांग्रेस ने वाराणसी के पिपलनी कटरा स्थित हनुमान मंदिर में सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ कर विरोध दर्ज कराया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अजय राय के सकुशल रामलला दर्शन की कामना करते हुए केंद्र एवं प्रदेश सरकार को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की। कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेस ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर अंकुश लगाने की कार्रवाई बताते हुए भाजपा सरकार पर राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित कदम उठाने का आरोप लगाया।

प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की धर्मपत्नी रीना राय ने कहा कि उनके पति किसी राजनीतिक कार्यक्रम के लिए नहीं, बल्कि श्रद्धापूर्वक भगवान श्रीराम के दर्शन करने अयोध्या गए थे। इसके बावजूद उन्हें एक निजी छात्रावास में रोककर वापस लौटने का दबाव बनाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और प्रदेश सरकार लगातार राजनीतिक कारणों से अजय राय को प्रताड़ित कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि उनके पति को किसी प्रकार की क्षति होती है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी भाजपा और प्रदेश सरकार की होगी। साथ ही उन्होंने भगवान हनुमान से प्रार्थना की कि अजय राय का रामलला दर्शन का संकल्प शीघ्र पूरा हो और सरकार राजनीतिक द्वेष छोड़कर लोकतांत्रिक परंपराओं का सम्मान करे।

कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि भाजपा एक ओर स्वयं को भगवान श्रीराम की सबसे बड़ी भक्त बताती है, वहीं दूसरी ओर विपक्षी नेताओं को रामलला के दर्शन से रोक रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अजय राय को रातभर रोककर रखा गया तथा अयोध्या जाने वाले कांग्रेस नेताओं, जिलाध्यक्षों और पदाधिकारियों को भी नजरबंद किया गया, जो लोकतांत्रिक अधिकारों का खुला उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम किसी एक राजनीतिक दल की जागीर नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की आस्था के केंद्र हैं। कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से जनता की आवाज उठाती रहेगी और राम मंदिर से जुड़े कथित चढ़ावा प्रकरण सहित जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगी।

हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित सामूहिक पाठ के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, सामाजिक सौहार्द तथा न्यायपूर्ण व्यवस्था की कामना की। धार्मिक वातावरण के बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अजय राय के समर्थन में एकजुटता का प्रदर्शन भी किया।

इस अवसर पर रीना राय, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, डॉ. राजेश गुप्ता, प्रमोद वर्मा, मनोज यादव, विजय देवल, अनिल पटेल, रमेश शर्मा, अरविन्द सेठ, राधेश्याम पाण्डेय, किशन यादव, बबलू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

मौसम अपडेट

राशिफल

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x