वाराणसी, 14 अप्रैल 2026। पुलिस उपायुक्त गोमती ज़ोन, कमिश्नरेट वाराणसी के निर्देश पर अपर पुलिस उपायुक्त श्री नृपेन्द्र ने मंगलवार को थाना राजातालाब क्षेत्र में व्यापक पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।
कस्बा राजातालाब में पुलिस बल के साथ की गई इस गश्त के दौरान यातायात प्रबंधन, संवेदनशील स्थानों और अपराध नियंत्रण से जुड़े बिंदुओं का गहन परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
इस दौरान दुकानदारों एवं प्रतिष्ठान संचालकों को अपने-अपने प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही फुटपाथ एवं सड़कों पर अतिक्रमण न करने की सख्त हिदायत दी गई।

अपर पुलिस उपायुक्त ने हाईवे किनारे खड़े वाहनों के खिलाफ प्रभावी चालान कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। इसके अलावा होटल व ढाबों की नियमित जांच कर संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने को भी कहा गया।
निरीक्षण के दौरान थाना राजातालाब के प्रभारी निरीक्षक सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।









