वाराणसी। मण्डुवाडीह थाना पुलिस ने युवती से दुष्कर्म करने तथा अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देने के आरोप में नामजद एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देश पर वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान और “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर मण्डुवाडीह क्षेत्र स्थित महिला महाविद्यालय के सामने बीएलडब्ल्यू लारी गेट के पास से आरोपी अभिषेक चौहान (23 वर्ष), निवासी प्रेमचंद्र नगर कॉलोनी, लालपुर-पांडेयपुर, को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
बताया गया कि पीड़िता ने मण्डुवाडीह थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि उसके साथ दुष्कर्म किया गया तथा अश्लील वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी दी गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। विवेचना के दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
इस कार्रवाई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेन्द्र कुमार यादव, उपनिरीक्षक खुशबू कुमारी सहित मण्डुवाडीह थाना पुलिस की टीम शामिल रही। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।











