वाराणसी। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी श्री मोहित अग्रवाल के निर्देशन में रविवार को यातायात माह–2025 का भव्य समापन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधिकारीगण, यातायात पुलिस इकाई, विद्यालयी छात्र-छात्राएं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिक
उपस्थित रहे।सड़क सुरक्षा के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया, जिसमें लापरवाहीपूर्ण ड्राइविंग, बिना हेलमेट या सीट बेल्ट वाहन चलाने और मोबाइल फोन के प्रयोग से होने वाले खतरों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम स्थल पर यातायात विषयक प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें आधुनिक ट्रैफिक प्रबंधन तकनीक और सुरक्षा उपकरणों का प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहा।समारोह में पुलिस आयुक्त श्री अग्रवाल ने उपस्थित जनसमूह को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि दो पहिया चलाते समय हेलमेट पहनें, चार पहिया में सीट बेल्ट लगाएँ, शराब पीकर वाहन न चलाएँ, तेज रफ्तार से बचें और मोबाइल फोन का प्रयोग वाहन चलाते समय हरगिज़ न करें।यातायात माह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही पोस्टर मेकिंग, पेंटिंग, क्विज़ और स्लोगन प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले स्कूली बच्चों और प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया गया।अपने प्रेरणादायक संबोधन में पुलिस आयुक्त महोदय ने कहा कि “हर व्यक्ति का जीवन अमूल्य है, इसलिए यातायात नियमों का पालन मानवीय जिम्मेदारी है।” उन्होंने युवाओं से सड़क सुरक्षा को अपनी जीवनशैली बनाने और समाज में जागरूकता फैलाने का आग्रह किया।उन्होंने बताया कि कमिश्नरेट वाराणसी द्वारा सड़क सुरक्षा सुधार हेतु आधुनिक तकनीक, चौराहों के विकास तथा सुरक्षा चिन्हों के अद्यतन पर निरंतर कार्य किया जा रहा है। साथ ही ऐसे दुकानदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए जो प्रेशर हार्न, मॉडिफाइड साइलेंसर या साइरन की फिटिंग करते हैं।








