वाराणसी। काशी में मेकअप और फैशन के क्षेत्र में उभरती प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से इंक्रेडिबल फाउंडेशन के तत्वावधान में मंगलवार को होटल ब्लिस बनारस के सभागार में वाराणसी मेकअप सेमिनार, ब्राइडल कंपटीशन एवं रनवे शो का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि चंचल कुमारी पाल ने दीप प्रज्वलित कर किया।
आयोजक एवं इंक्रेडिबल फाउंडेशन की संस्थापक पूजा मिश्रा ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य मेकअप एवं फैशन के क्षेत्र में प्रतिभाशाली युवाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना और उनके हुनर को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से प्रतिभागियों को अपनी रचनात्मकता और कला का प्रदर्शन करने के साथ ही इस क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी मेकअप कला, रचनात्मकता और हुनर का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। प्रिया गुप्ता ने प्रथम, सोनाली वर्मा ने द्वितीय, दिव्यांशी यादव ने तृतीय तथा नगमा खान ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जबकि अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में मेकअप आर्टिस्ट अनुष्का विश्वकर्मा, पूर्णिमा सिंह और अभिषेक का विशेष योगदान रहा। अभिषेक ने बच्चों के लिए विशेष मेकअप क्लास आयोजित कर मेकअप की बारीकियों और आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी।

समारोह में परवीन खान, जागृति सोनी, पिंकी शर्मा, सौरभ श्रीवास्तव, प्रिशा मिश्रा, मोनू सोनू इंटरप्राइजेज, मुबारक अली और अमीना ज्वेलर्स का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का संचालन एंकर प्रदीप भारद्वाज शुक्ला ने किया। समारोह में मेकअप एवं फैशन जगत से जुड़े गणमान्य लोगों के साथ बड़ी संख्या में प्रतिभागी मौजूद रहे।










