वाराणसी। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर 15 फरवरी 2026 को धर्मनगरी वाराणसी में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस कमिश्नरेट ने व्यापक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। पर्व के दिन बड़ी संख्या में शिवभक्त काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन के लिए पहुंचेंगे। साथ ही माघ मेले के कारण भी शहर में वाहनों का दबाव बढ़ा हुआ है। भीड़ प्रबंधन और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रशासन ने चरणबद्ध पार्किंग और डायवर्जन योजना लागू करने की घोषणा की है।
यातायात अधिकारियों के अनुसार, शहर के प्रमुख मार्गों पर चार पहिया वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी तथा उन्हें निर्धारित पार्किंग स्थलों की ओर डायवर्ट किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर द्वितीय चरण की डायवर्जन व्यवस्था भी लागू की जाएगी।
श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए विभिन्न क्षेत्रों में अस्थायी पार्किंग स्थल चिन्हित किए गए हैं। सोनारपुरा, गोदौलिया और रामापुरा क्षेत्र में एग्लो-बंगाली इंटर कॉलेज (खोजवा रोड), द्वारिकाधीश मंदिर शंकुलधारा पोखरा के पास, पीडीआर मॉल पार्किंग (थाना लक्सा), गोदौलिया मल्टीलेवल पार्किंग, बेनियाबाग पार्किंग, जय नारायण इंटर कॉलेज मैदान, सनातन धर्म इंटर कॉलेज मैदान तथा सीएचएस स्कूल मैदान (कमच्छा एवं खोजवा रोड किनारे) को पार्किंग के रूप में विकसित किया गया है।

अस्सी एवं ब्रॉडवे क्षेत्र में ब्रॉडवे से रविंद्रपुरी कॉलोनी के सामने सड़क के दोनों ओर दोपहिया और चारपहिया वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है, जबकि वीआईपी वाहनों के लिए रविदास पार्क में सीमित पार्किंग उपलब्ध रहेगी।
लहुराबीर चौराहा क्षेत्र में टाउनहॉल मैदान, हरिश्चंद्र कॉलेज के सामने वीवीआईपी पार्किंग, हरिश्चंद्र डिग्री कॉलेज के सामने शव वाहन पार्किंग, सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के वीसी कार्यालय गेट के पास, राजकीय आईटीआई कॉलेज (वीसी आवास के समीप), क्वींस इंटर कॉलेज मैदान तथा चित्रकूट रामलीला मैदान (लकड़मंडी) को पार्किंग स्थल के रूप में अधिसूचित किया गया है। प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से निर्धारित स्थलों पर ही वाहन खड़े करने की अपील की है।
भीड़ नियंत्रण के लिए शहर के कई महत्वपूर्ण तिराहों और चौराहों पर चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। पिपलानी कटरा/कबीर मठ तिराहा से मैदागिन की ओर चार पहिया वाहन नहीं जाने दिए जाएंगे और उन्हें नाटी इमली की ओर डायवर्ट किया जाएगा। विशेश्वरगंज तिराहा से मैदागिन मार्ग बंद रहेगा और वाहनों को गोलगड्डा की ओर भेजा जाएगा।
बेनियाबाग तिराहा से रामापुरा की ओर चार पहिया वाहनों का प्रवेश रोका जाएगा और उन्हें पार्किंग स्थलों में भेजा जाएगा। लक्सा तिराहा से रामापुरा मार्ग बंद रहेगा तथा वाहन गुरुबाग और औरंगाबाद की ओर डायवर्ट किए जाएंगे। रेवड़ी तालाब एवं सोनारपुरा तिराहा से भी रामापुरा की ओर चार पहिया वाहनों को नहीं जाने दिया जाएगा, उन्हें भेलूपुर, नीमामाई और अग्रवाल तिराहा की ओर भेजा जाएगा।
अमर उजाला तिराहा और लहुराबीर चौराहा से मालवाहक एवं बड़े चार पहिया वाहनों को वैकल्पिक मार्गों की ओर डायवर्ट कर निर्धारित पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा।
यदि भीड़ अत्यधिक बढ़ती है तो अमर उजाला, लहुराबीर, गोलगड्डा, गुरुबाग, ब्रॉडवे और अग्रवाल तिराहा से भी अतिरिक्त डायवर्जन लागू किया जाएगा। इस स्थिति में मैदागिन, बेनियाबाग और विशेश्वरगंज की ओर चार पहिया वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित किया जा सकता है।
यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। किसी भी प्रकार की असुविधा या मार्गदर्शन के लिए ट्रैफिक कंट्रोल रूम (मो. 7839856994) तथा ट्रैफिक हेल्पलाइन (मो. 7317202020) पर संपर्क किया जा सकता है।
यातायात पुलिस कमिश्नरेट ने नागरिकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें, अनावश्यक रूप से भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में वाहन न लाएं तथा सार्वजनिक परिवहन का अधिक से अधिक उपयोग करें। प्रशासन का लक्ष्य है कि महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा, शांति और सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सके।









