वाराणसी। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मीरघाट स्थित महर्षि वेद विज्ञान विद्यापीठ एवं महर्षि आश्रम में रविवार को सामूहिक योग एवं भावातीत ध्यान कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। परम पूज्य महर्षि महेश योगी के आशीर्वाद तथा ब्रह्मचारी गिरीश के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में आश्रम के बटुकों, आचार्यों, कर्मचारियों, व्यवस्थापकों एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों सहित लगभग 80 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ गुरु परंपरा पूजन के साथ हुआ। इसके पश्चात योगाचार्य राकेश मिश्रा के निर्देशन में प्रतिभागियों ने सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, पादहस्तासन, वज्रासन, उष्ट्रासन, शशकासन, भुजंगासन, मकरासन, पवनमुक्तासन एवं उत्तानपादासन सहित विभिन्न योगासनों तथा प्राणायाम का अभ्यास किया। पूरे आश्रम परिसर में “करें योग, रहें निरोग” का उद्घोष गूंजता रहा।
योगाभ्यास के उपरांत सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से भावातीत ध्यान (ट्रान्सेंडेंटल मेडिटेशन) का अभ्यास कर मानसिक शांति, आत्मिक संतुलन एवं सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव किया। वक्ताओं ने कहा कि योग और ध्यान भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर हैं, जो शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक एवं आध्यात्मिक उन्नति का भी प्रभावी माध्यम हैं।

इस अवसर पर सीमांत केसरी स्वाई, वीरेन्द्र श्रीवास्तव, राकेश मिश्रा, ओम मिश्रा, आकाश गर्ग, बंटी पाठक, राजू पाठक महंत तथा शशी राय सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर प्रसाद वितरण किया गया। धन्यवाद ज्ञापन आश्रम के प्रबंधक सुनील श्रीवास्तव ने किया।









