वाराणसी। बीती रात पुलिस ने सराफा मंडी में हुई करोड़ों रुपये की चांदी लूटकांड का खुलासा करते हुए मुठभेड़ के बाद दो अंतरराज्यीय बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई चार किलो चांदी की चार बटिया, 15,020 रुपये नकद, दो अवैध .315 बोर तमंचे, चार जिंदा कारतूस तथा तीन खोखा कारतूस बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास कई राज्यों में दर्ज है।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त काशी, अपर पुलिस उपायुक्त काशी तथा सहायक पुलिस आयुक्त दशाश्वमेध के निर्देशन में चौक थाना पुलिस, एसओजी और लंका थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने देर रात करीब 12:40 बजे लौटूबीर पुलिया के आगे सर्विस रोड से बजबजा प्लांट जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार खुद को घिरता देख बदमाशों ने भागने का प्रयास किया और मुठभेड़ के दौरान घायल होने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मध्य प्रदेश निवासी मोहम्मद अली उर्फ शाबिर हसन (55 वर्ष) तथा माशाअल्लाह (40 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार 17 जुलाई 2026 को सुड़िया स्थित हेमा ज्वेलर्स के कर्मचारी लगभग 27 किलो 327 ग्राम चांदी की 26 बटिया लेकर रेशम कटरा स्थित महालक्ष्मी ज्वेलर्स जा रहे थे। गोविंदपुरा मोड़ के पास बदमाशों ने कर्मचारियों को निशाना बनाकर पूरी खेप लूट ली थी। घटना के बाद चौक थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की थी।

संयुक्त पुलिस टीम ने बीती रात कार्रवाई करते हुए दोनों बदमाशों को दबोच लिया। उनके कब्जे से लूट की चार किलो चांदी, नकदी तथा अवैध हथियार बरामद हुए। पुलिस का दावा है कि बरामद हथियारों का इस्तेमाल लूट की वारदात और पुलिस मुठभेड़ दोनों में किया गया।
पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी मोहम्मद अली उर्फ शाबिर हसन एक शातिर अंतरराज्यीय अपराधी है, जिसके विरुद्ध वाराणसी के अलावा जयपुर और दिल्ली सहित कई स्थानों पर धोखाधड़ी, चोरी, लूट एवं अन्य गंभीर अपराधों के मुकदमे दर्ज हैं। दूसरे आरोपी माशाअल्लाह के खिलाफ भी वाराणसी में लूट और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं।
पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश और लूटी गई शेष चांदी की बरामदगी में जुटी है। इस कार्रवाई में चौक थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार मिश्रा, एसओजी प्रभारी गौरव कुमार सिंह, लंका थाना प्रभारी राजकुमार सहित चौक थाना, एसओजी और लंका थाना की संयुक्त पुलिस टीम शामिल रही। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।








