वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के केंद्रीय चिकित्सालय एवं शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय चिकित्सालय के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को केंद्रीय चिकित्सालय के सेमिनार हॉल में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। सुबह 8:30 बजे से अपराह्न 3 बजे तक चले इस शिविर में बरेका के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कुल 41 स्वैच्छिक रक्तदाताओं ने रक्तदान कर मानव सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरक संदेश दिया।
शिविर का शुभारंभ प्रमुख मुख्य विद्युत अभियंता मनीष कुमार ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल, मुख्य सतर्कता अधिकारी अंकुर चंद्रा सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।
रक्तदान अभियान की शुरुआत कर्मचारी परिषद के सदस्य अमित कुमार ने की। इसके बाद मुख्य सतर्कता अधिकारी अंकुर चंद्रा, उप मुख्य अभिकल्प अभियंता (यांत्रिक-II) ऋतुराज, उप मुख्य अभिकल्प अभियंता (इंजन) पंकज सक्सेना सहित कई अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वैच्छिक रक्तदान कर दूसरों को भी इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित किया।

शिविर की विशेष उपलब्धि टेक्निकल ट्रेनिंग सेंटर के एक्ट अप्रेंटिस प्रशिक्षुओं की सहभागिता रही। प्राचार्य सुभाष चंद्र यादव एवं इंस्ट्रक्टर राजीव कुमार वर्मा के सहयोग से लगभग 10 प्रशिक्षुओं ने पहली बार रक्तदान कर युवाओं में सामाजिक जागरूकता का परिचय दिया।
रक्तदान के दौरान उपस्थित लोगों को नियमित रक्तदान के महत्व, इससे होने वाले स्वास्थ्य लाभ तथा आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के संबंध में भी जागरूक किया गया।
प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार ने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सर्वोच्च सेवा है और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।
शिविर के सफल संचालन में वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार मौर्य, नर्सिंग स्टाफ की कमला श्रीनिवासन, प्रतिभा कुमारी एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय चिकित्सालय के ब्लड बैंक प्रभारी जितेंद्र पटेल एवं उनकी टीम ने रक्त संग्रहण की पूरी प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।
अभियान के दौरान कर्मचारी परिषद के सदस्य अमित कुमार, मनीष कुमार सिंह, श्रीकांत यादव, संतोष कुमार यादव और धर्मेंद्र कुमार सिंह रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते रहे। शिविर में केंद्रीय चिकित्सालय के नंदलाल सिंह यादव ने तीसरी बार तथा भंडार विभाग के सुधीर कुमार ने 33वीं बार रक्तदान कर समाज के लिए प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया। वहीं स्टोर डिपो के मुकेश कुमार सिंह ने कर्मचारियों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने में सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के अंत में जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय चिकित्सालय, सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयंसेवकों एवं रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे जनहितकारी अभियान समाज में सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदनाओं को और अधिक सशक्त बनाते हैं।









