वाराणसी। थाना भेलूपुर पुलिस ने जीएसटी से जुड़ी आर्थिक धोखाधड़ी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, मेसर्स VG एंटरप्राइजेज के नाम से फर्जी दस्तावेज तैयार कर जीएसटी रजिस्ट्रेशन हासिल किया गया और गलत तथ्यों के आधार पर अनुचित लाभ लेने का प्रयास किया गया। इस मामले में थाना भेलूपुर में मु0अ0सं0-0529/2025 के तहत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में फरहान (24 वर्ष) निवासी सीलमपुर, पूर्वी दिल्ली तथा अब्दुल्ला (30 वर्ष) निवासी सीलमपुर, पूर्वी दिल्ली (वर्तमान पता हैदराबाद) शामिल हैं। दोनों को हैदराबाद के एबीआईडी रोड स्थित एसबीआई गन फाउंड्री रोड के पास से गिरफ्तार किया गया। ट्रांजिट रिमांड पर वाराणसी लाकर 9 अप्रैल 2026 को थाना भेलूपुर में दाखिल किया गया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने कूट रचित दस्तावेजों के माध्यम से जीएसटी पंजीकरण प्राप्त कर टैक्स प्रणाली का दुरुपयोग किया। मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ जीएसटी अधिनियम की धारा 132 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में भेलूपुर पुलिस टीम, एसओजी व सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम शामिल रही। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।









