वाराणसी। सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी के अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष एवं पुस्तकालयाध्यक्ष प्रो. राजनाथ को लखनऊ स्थित डॉ. शकुन्तला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय की कार्यपरिषद का सदस्य नामित किया गया है। उनका नामांकन उत्तर प्रदेश के राज्यपाल सचिवालय की ओर से 30 सितंबर 2026 को जारी आदेश के माध्यम से किया गया।
यह नामांकन डॉ. शकुन्तला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय अधिनियम, 2009 की धारा 14(1)(छ) के तहत कुलाध्यक्षा द्वारा किया गया है। कार्यपरिषद सदस्य के रूप में प्रो. राजनाथ का कार्यकाल आदेश जारी होने की तिथि से दो वर्ष अथवा अग्रिम आदेश तक रहेगा, इनमें जो पहले हो।
प्रो. राजनाथ सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय में अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष के साथ पुस्तकालयाध्यक्ष का दायित्व भी संभाल रहे हैं। शिक्षा एवं प्रशासन के क्षेत्र में उनके अनुभव को देखते हुए विश्वविद्यालय की कार्यपरिषद में उनका नामांकन महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके शैक्षणिक अनुभव और प्रशासनिक दक्षता का लाभ विश्वविद्यालय की नीतिगत एवं शैक्षणिक गतिविधियों को मिलने की उम्मीद है।

प्रो. राजनाथ के नामांकन पर सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कुलानुशासक प्रो. जितेन्द्र कुमार, प्रो. महेन्द्र पाण्डेय, प्रो. दिनेश कुमार गर्ग सहित विश्वविद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।










