Follow us on

Home » ब रे का » प्रीति के गोल से बरेका फुटबॉल नर्सरी बनी महिला लीग की सरताज

प्रीति के गोल से बरेका फुटबॉल नर्सरी बनी महिला लीग की सरताज

Share this post:

 वाराणसी। बरेका खेल मैदान शनिवार को महिला फुटबॉल के रोमांचक खिताबी मुकाबले का गवाह बना। पूर्व अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक भैरव दत्त के तत्वावधान में आयोजित महिला फुटबॉल लीग के सीनियर वर्ग के फाइनल में बरेका फुटबॉल नर्सरी ने कुमायूं हीरोज को 1-0 से हराकर चैंपियनशिप अपने नाम कर ली। निर्णायक गोल प्रीति यादव ने दागा और उनकी यह शानदार सफलता बरेका की खिताबी जीत की आधारशिला बनी।

मैच का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुख्य अभिकल्प इंजीनियर (विद्युत) एवं महासचिव, बरेका खेलकूद संघ अनुराग कुमार गुप्ता तथा विशिष्ट अतिथि जन संपर्क अधिकारी, बरेका राजेश कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। दोनों अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना और अनुशासन के साथ बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।

शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। तेज पासिंग, गेंद पर शानदार नियंत्रण और लगातार आक्रमण ने मुकाबले को रोमांचक बनाए रखा। मैच के निर्णायक दौर में प्रीति यादव ने बेहतरीन मूव को गोल में तब्दील कर बरेका फुटबॉल नर्सरी को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद कुमायूं हीरोज ने बराबरी के लिए कई आक्रमण किए, लेकिन बरेका की मजबूत रक्षापंक्ति ने हर प्रयास को नाकाम कर दिया।

अंतिम सीटी बजते ही बरेका फुटबॉल नर्सरी की खिलाड़ियों और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। प्रीति यादव के साथ अंजलि यादव और रिया ने भी पूरे मुकाबले में शानदार तालमेल, तेज गति और आक्रामक खेल से प्रभावित किया। वहीं कुमायूं हीरोज की चांदनी पटेल और वंदना ने भी पूरी ताकत झोंकते हुए मुकाबले को बराबरी पर लाने का प्रयास किया।

फाइनल देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मैदान में मौजूद रहे। खिलाड़ियों के हर अच्छे प्रयास पर गूंजती तालियों और उत्साहवर्धक नारों ने मुकाबले का रोमांच बढ़ा दिया। पूरे मैच के दौरान बरेका खेल मैदान का माहौल उत्सव जैसा बना रहा।

समापन समारोह में अनुराग कुमार गुप्ता और राजेश कुमार ने विजेता बरेका फुटबॉल नर्सरी तथा उपविजेता कुमायूं हीरोज को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। अनुराग कुमार गुप्ता ने कहा कि महिला फुटबॉल लीग जैसी प्रतियोगिताएं युवा महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने का महत्वपूर्ण मंच देती हैं। इससे उनमें आत्मविश्वास, खेल भावना और प्रतिस्पर्धा की भावना मजबूत होती है।

जन संपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने आयोजन की सफलता पर आयोजकों, प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बरेका खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। ऐसी प्रतियोगिताएं भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिभाओं को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

इस अवसर पर पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी नरेश यादव, एफसी बनारस के अखिलेश सिंह, विनोद सिंह, पंकज पांडेय, अनिल कुमार सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और दर्शक मौजूद रहे।

लेखक के बारे में

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

मौसम अपडेट

राशिफल

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x