वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में शनिवार को हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत देश की सुरक्षा में जुटे सैनिकों और पुलिसकर्मियों के प्रति कृतज्ञता एवं सम्मान व्यक्त किया गया। महिला सशक्तिकरण प्रकोष्ठ तथा अंग्रेजी एवं अन्य विदेशी भाषा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने जवानों के नाम आभार-पत्र तैयार किए।
महिला सशक्तिकरण प्रकोष्ठ की नोडल अधिकारी प्रो. निशा सिंह एवं अंग्रेजी विभाग की अध्यक्ष डॉ. नीरज धनकड़ के दिशा-निर्देशन में तैयार इन पत्रों को डाक विभाग के माध्यम से सैनिकों एवं पुलिसकर्मियों तक प्रेषित किया जाएगा। विद्यार्थियों ने अपने संदेशों के माध्यम से राष्ट्र की सुरक्षा में समर्पित जवानों के साहस, सेवा और त्याग के प्रति सम्मान प्रकट किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. धीरेन्द्र कुमार पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर डॉ. रीना चटर्जी, डॉ. आरती विश्वकर्मा, डॉ. किरण सिंह, डॉ. पीयूष चौबे, प्रियोदीप हलदर, आलोक उपाध्याय सहित शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।











