वाराणसी। कमिश्नरेट की लंका थाना पुलिस ने 13 वर्षीय स्कूली छात्रा से छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने के आरोप में एक युवक को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेजने की प्रक्रिया पूरी की गई।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। आरोप है कि स्कूल जाते समय आरोपी ने छात्रा से अशोभनीय बातें कीं और उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। छात्रा के घर लौटने के बाद जब वह दोबारा स्कूल जाने के लिए निकली तो आरोपी झाड़ियों में छिपा मिला। आरोप है कि उसने छात्रा का हाथ पकड़कर खींचने का प्रयास किया, लेकिन छात्रा किसी तरह खुद को छुड़ाकर वहां से भाग निकली।
घटना की सूचना मिलते ही लंका थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी किशन यादव निवासी भदोही (हाल पता- छित्तूपुर, लंका) को छित्तूपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।











