वाराणसी। वरिष्ठ नागरिक पेंशनर्स सेवा संस्थान उत्तर प्रदेश की जनपद शाखा वाराणसी की मासिक बैठक रविवार को कचहरी स्थित कोषागार परिसर के नवनिर्मित पेंशनर कक्ष में हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राजेश्वर पाण्डेय ने की तथा संचालन जिला मंत्री जयराज बहादुर सिंह ने किया।
बैठक में नए सदस्यों का स्वागत किया गया। साथ ही नवंबर माह में जन्मदिन वाले सदस्यों को शुभकामनाएं दी गईं। इस दौरान पेंशनर्स की विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई।
वक्ताओं ने अपर मुख्य सचिव (वित्त) दीपक कुमार की अध्यक्षता में 28 सितंबर तथा सचिव (स्वास्थ्य) ऋतु माहेश्वरी की अध्यक्षता में 22 अक्टूबर को हुई बैठकों में सकारात्मक चर्चा के बावजूद अब तक स्पष्ट शासनादेश जारी नहीं होने पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि चिकित्सा प्रतिपूर्ति के अनेक दावे अभी भी विभिन्न विभागों में लंबित हैं। इससे सेवानिवृत्त कर्मचारियों और अधिकारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वक्ताओं ने लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए स्पष्ट शासनादेश जारी करने की मांग की।
बैठक में बताया गया कि आगामी 13 नवंबर को सचिव (चिकित्सा) की अध्यक्षता में प्रस्तावित बैठक से पेंशनर्स की समस्याओं के समाधान की उम्मीद है। प्रांतीय संगठन मंत्री श्याम शुजा लाल यादव और मंडलीय अध्यक्ष दीपेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने पेंशनर्स से अपनी मांगों के समर्थन में आगे के संघर्ष के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।

इस दौरान रेलवे किराये में वरिष्ठ नागरिकों को 50 प्रतिशत छूट देने, 65, 70 और 75 वर्ष की आयु पूरी होने पर क्रमशः पांच, 10 और 15 प्रतिशत अतिरिक्त पेंशन देने तथा पेंशन के राशिकरण की कटौती 15 वर्ष के स्थान पर 11 वर्ष में समाप्त करने की मांग भी दोहराई गई।
बैठक में केआर शास्त्री, ई. आनंद लाल, बंशीलाल जायसवाल, सुभाष सिंह, ई. सीबी सिंह, उपेंद्र बहादुर सिंह, ई. संजय कुमार श्रीवास्तव, ई. एके सिंह सहित अन्य सदस्यों ने विचार व्यक्त किए। बैठक में बड़ी संख्या में पेंशनर्स उपस्थित रहे।










