वाराणसी। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने मंगलवार को पुलिस लाइन परिसर में नवनिर्मित कैफेटेरिया और जीर्णोद्धार किए गए बैडमिंटन कोर्ट का उद्घाटन किया। उन्होंने फीता काटकर दोनों सुविधाओं का विधिवत लोकार्पण किया।
पुलिस लाइन परिसर में विकसित इन सुविधाओं से पुलिसकर्मियों को बेहतर, स्वस्थ और सुविधाजनक कार्य वातावरण मिलेगा। कैफेटेरिया और आधुनिक बैडमिंटन कोर्ट जैसी सुविधाएं पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य, फिटनेस और मानसिक ताजगी को बढ़ावा देने के साथ उनकी कार्यक्षमता में भी सहायक होंगी। इससे पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ेगा और वे अधिक ऊर्जा एवं प्रभावी ढंग से अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकेंगे।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल है। आधुनिक एवं सुव्यवस्थित पुलिस लाइन से न केवल पुलिसकर्मियों को लाभ मिलेगा, बल्कि आमजन को भी और बेहतर, सुगम एवं प्रभावी पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

उद्घाटन अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन एवं मुख्यालय प्रमोद कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त लाइन वैभव बांगर, सहायक पुलिस आयुक्त लाइन गौरव कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।










