वाराणसी। स्टडी-कम-कल्चरल टूर के तहत बेसिक कोर्स प्रशिक्षण पर आए आईपीएस-78 आरआर (2025 बैच) के 21 प्रशिक्षु अधिकारियों ने मंगलवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान पुलिस आयुक्त ने अपने प्रशासनिक एवं फील्ड अनुभव साझा करते हुए उत्कृष्ट पुलिसिंग, प्रभावी नेतृत्व, जनसरोकार और निष्पक्ष कानून-व्यवस्था के मूल मंत्र बताए।
उन्होंने कहा कि “प्रशिक्षण सेवा जीवन का स्वर्णिम काल होता है। इसी दौरान आत्मबल, अनुशासन, संवेदनशीलता और ज्ञान की मजबूत नींव पड़ती है, जो एक उत्कृष्ट पुलिस अधिकारी के व्यक्तित्व का आधार बनती है।”
पुलिस आयुक्त ने प्रशिक्षु अधिकारियों को कमिश्नरेट वाराणसी की प्रशासनिक कार्यप्रणाली और आधुनिक पुलिसिंग मॉडल से परिचित कराया। उन्होंने यातायात प्रबंधन, डायल-112, जल पुलिस, पर्यटक पुलिस, एसओजी एवं सर्विलांस टीम, ड्रोन एवं एंटी-ड्रोन तकनीक, अत्याधुनिक सीसीटीवी कंट्रोल रूम और वीवीआईपी सुरक्षा व्यवस्था की कार्यशैली की विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि वाराणसी जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व वाले शहर में करोड़ों श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संवेदनशील, सतर्क और तकनीक आधारित पुलिसिंग अत्यंत आवश्यक है। श्रावण मास, देव दीपावली और महाकुंभ जैसे विशाल आयोजनों में भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और आपदा प्रबंधन के अनुभव भी प्रशिक्षु अधिकारियों के साथ साझा किए।
संवाद के दौरान साइबर अपराधों की बढ़ती चुनौतियों पर भी चर्चा हुई। पुलिस आयुक्त ने कहा कि वर्तमान समय में प्रत्येक पुलिस अधिकारी को तकनीकी रूप से दक्ष, नवाचार के प्रति सजग और अपराधियों से एक कदम आगे सोचने की क्षमता विकसित करनी होगी। उन्होंने भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस, महिलाओं एवं बच्चों से जुड़े अपराधों में त्वरित कार्रवाई, गुणवत्तापूर्ण विवेचना तथा प्रभावी पैरवी को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया।
उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों से जनता के प्रति सहज, सुलभ, संवेदनशील और जवाबदेह व्यवहार अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि ईमानदारी, नैतिकता और सत्यनिष्ठा ही एक आदर्श पुलिस अधिकारी की वास्तविक पहचान है।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस आयुक्त ने सभी प्रशिक्षु अधिकारियों के साथ सामूहिक भोजन किया तथा उन्हें स्मृति-चिह्न भेंट कर उज्ज्वल एवं सफल सेवा जीवन की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त अपराध आलोक प्रियदर्शी, पुलिस उपायुक्त काशी गौरव बंसवाल, पुलिस उपायुक्त वरुणा प्रमोद कुमार, पुलिस उपायुक्त गोमती नीतू, पुलिस उपायुक्त यातायात अनिल कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।








