वाराणसी। शहर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान आरपी रस्तोगी इंटर कॉलेज, कोतवालपुरा (बांस फाटक) के सभागार में शुक्रवार को विद्यालय के मेधावी भूतपूर्व छात्र विपिन चंद्र पाल के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। यूपी पीसीएस परीक्षा-2024 में 66वीं रैंक हासिल कर वाणिज्य कर अधिकारी बने विपिन ने अपने परिवार, विद्यालय और जनपद का नाम रोशन किया है।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय के प्रधानाचार्य कामेश्वर प्रसाद गुप्ता एवं प्रबंधक भोला शंकर रस्तोगी ने विपिन चंद्र पाल को माल्यार्पण कर स्मृति चिन्ह भेंट करते हुए सम्मानित किया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य कामेश्वर गुप्ता ने कहा कि विपिन की सफलता केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि स्पष्ट लक्ष्य और सच्ची मेहनत से हर मुकाम हासिल किया जा सकता है।

सम्मान समारोह में विपिन चंद्र पाल ने अपने अनुभव साझा करते हुए सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और निरंतर परिश्रम को दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, धैर्य और नियमित अध्ययन को सफलता की कुंजी बताया।
कार्यक्रम में परमानन्द पाण्डेय, अखिलेश पाण्डेय, वंशबहादुर सिंह, शैलेन्द्र पाठक, सोमित्व रूद्र, विनय सिंह, अशोक कुमार, नरेन्द्र गुप्ता, विवेक कुमार सिंह, संतोष, देवी प्रसाद, किरणरानी शर्मा, अनामिका यादव, स्वाति चंदेल, रंजना गुप्ता, वरुण पाठक, अरुण पाठक, अंजली रस्तोगी, विजय यादव सहित समस्त शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।









