चहनिया, चंदौली। महुआरी खास गांव में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का प्रसंग आते ही कथा पंडाल भक्तिरस में डूब गया। कथा व्यास पंडित राधारमणाचार्य जी महाराज ने श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की कथा का भावपूर्ण और सारगर्भित वर्णन सुनाया।
कृष्ण जन्म प्रसंग शुरू होते ही पंडाल में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना। चारों ओर “नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयकारे गूंजने लगे। श्रद्धालु भक्ति में भाव-विभोर होकर भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाने लगे, जिससे पूरा वातावरण कृष्णमय हो गया।
कथा व्यास पंडित राधारमणाचार्य जी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण के अवतार के उद्देश्य और धर्म की स्थापना के संदेश पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं को भक्ति, धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। कृष्ण जन्म की कथा के दौरान कथा स्थल पर भक्ति गीतों की भी धूम रही। गायक विनोद दूबे ने भक्ति गीतों की प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।

कथा के दौरान वाराणसी के वैदिक विद्वान आचार्य रत्नेश पाण्डेय, अनिल तिवारी, सूर्य मुनि तिवारी, अमन तिवारी और मनोज तिवारी वैदिक परंपरा के अनुसार पूजन एवं श्रीमद्भागवत का पारायण कर रहे हैं। कथा के समापन तक श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ कथा का श्रवण करते रहे।










